धर्मांतरण के लिए पैसों का लालच देने का आरोप, विरोध पर परिवार को बर्बाद करने की धमकी ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाने का आरोप
आमला में नांदपुर निवासी जीतेश बामने ने गणपत सोनवाने सहित पांच लोगों पर हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाने, पैसों का लालच देने और विरोध करने पर परिवार को बर्बाद करने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार आवेदक बाजार में कपड़े की दुकान लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। आरोप है कि पिछले करीब पांच वर्षों से गणपत सोनवाने कपड़े खरीदने के बहाने उसके संपर्क में आता रहा। पिछले करीब एक वर्ष से उसकी आर्थिक स्थिति का फायदा उठाकर धर्म परिवर्तन के लिए लगातार लालच और दबाव दिया जा रहा था।
किराए के मकान पर बुलाकर प्रार्थना कराने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार उसे भीमनगर स्थित किराए के मकान पर कई बार बुलाया गया। यहां ईसाई धर्म की प्रार्थना करने के लिए कथित तौर पर दबाव बनाया गया। आवेदक ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने पर बड़ी रकम देने और भविष्य में भी आर्थिक मदद करने का कथित आश्वासन दिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने धर्म परिवर्तन से इनकार कर दिया, जिसके बाद उस पर दबाव और बढ़ाया गया।
मामला दर्ज, पांच आरोपी गिरफ्तार
टीआई मुकेश ठाकुर ने बताया कि नांदपुर निवासी जीतेश बामने की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 371/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की धारा 3 तथा बीएनएस की धारा 351(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों से जुड़े तथ्यों एवं परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है। शिकायत में गणपत सोनवाने के अलावा इनोस, रमेश पिता मधुकर अतुलकर, भाऊराव पिता कलीराम चटेलकर और सुनील पिता कृष्णा नागले के नाम बताए गए हैं।